डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने संविलियन विद्यालय जोया का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति एवं विद्यार्थियों के अनुशासन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षक के रूप में विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षिक एवं सामान्य ज्ञान संबंधी जानकारी परखी और कक्षा में उनसे विभिन्न प्रश्न पूछे।
उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम विद्यालय के उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया। इसके उपरांत उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं निर्धारित यूनिफॉर्म की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका को निर्देशित किया कि सभी विद्यार्थियों का निर्धारित यूनिफॉर्म में विद्यालय आना सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय में अनुशासन एवं निर्धारित ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बच्चों से गणित के सवाल हल कराने के साथ-साथ भारत के राष्ट्रपति तथा विभिन्न राज्यों की राजधानियों के नाम भी पूछे। प्रश्नों के सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को उन्होंने चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता बनाए रखने, अनुशासन सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि विकसित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर बीईओ अनिल कुमार, डीसी प्रशांत कुमार व स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।
डीएम नितिन बने शिक्षक/सही जवाब देने वाले छात्रों को दी चॉकलेट/संविलियन विद्यालय जोया ओके

