Friday, November 20, 2026
Home > प्रदेश > यूपी > अमरोहा > जन शिकायतों का निस्तारण/शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता: सीडीओ उमेश चन्द्र तिवारी

जन शिकायतों का निस्तारण/शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता: सीडीओ उमेश चन्द्र तिवारी

डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)

नवागत मुख्य विकास अधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी ने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी जिम्मेदारी, निष्ठा और मनोयोग के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके और उनकी समस्याओं का समाधान हो।
प्रदेश मुख्यालय पर संयुक्त आयुक्त, संबद्ध कार्यालय आयुक्त, ग्राम्य विकास के पद पर तैनात रहे उमेश चन्द्र तिवारी की नियुक्ति विशेष सचिव रजनीश चंद्रा ने अमरोहा के रिक्त मुख्य विकास अधिकारी पद पर की है। उल्लेखनीय है कि अमरोहा के निवर्तमान मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र के 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने के बाद से यह पद रिक्त चल रहा था।
मुख्य विकास अधिकारी का कार्यभार ग्रहण करने के बाद उमेश चन्द्र तिवारी ने विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उनके कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिकायतों का निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान हो

उन्होंने कहा कि जब तक शिकायतकर्ता अपनी समस्या के समाधान से संतुष्ट नहीं होता, तब तक उसकी शिकायत को निस्तारित नहीं माना जाना चाहिए। शासन के निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार शिकायतों का निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
सीडीओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने व्यवहार में शालीनता एवं संवेदनशीलता बनाए रखने की भी हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए। किसी भी फरियादी को अधिकारियों और कर्मचारियों के व्यवहार से परेशानी नहीं होनी चाहिए। आमजन का विश्वास जीतना और उन्हें बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Print Friendly, PDF & Email
Dr. Deepak Agarwal
Dr. Deepak Agarwal is the founder of SunShineNews. He is also an experienced Journalist and Asst. Professor of mass communication and journalism at the Jagdish Saran Hindu (P.G) College Amroha Uttar Pradesh. He had worked 15 years in Amur Ujala, 8 years in Hindustan,3years in Chingari and Bijnor Times. For news, advertisement and any query contact us on deepakamrohi@gmail.com
https://www.sunshinenews.in