डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग, मंडलायुक्त मुरादाबाद, जिलाधिकारी अमरोहा एवं पुलिस अधीक्षक ने पांटून पुल सहित तिगरी गंगा मेला स्थल का किया स्थलीय निरीक्षण
मेले की सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूर्ण करने के दिए निर्देश
प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग अजय चौहान, मंडलायुक्त मुरादाबाद श्रीमती संगीता सिंह, जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ तथा पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने आज पांटून पुल सहित तिगरी गंगा मेला स्थल पर पहुंचकर मेले की तैयारियों एवं विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पांटून पुल के निर्माण कार्य का जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पांटून पुल के निर्माण कार्य का जायजा लिया। पुल पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मजबूत रेलिंग एवं सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम भी सुनिश्चित निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, कंट्रोल रूम की सक्रियता, पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, अग्निशमन व्यवस्था तथा पार्किंग स्थलों की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मेला क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके अतिरिक्त मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पर्याप्त डस्टबिन, अस्थायी शौचालयों तथा अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
महिला पुलिस कर्मियों की पर्याप्त तैनाती
अधिकारियों ने महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस कर्मियों की पर्याप्त तैनाती, महिला सहायता व्यवस्था तथा मेला क्षेत्र में आवश्यक स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को नियमित रूप से मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने तथा सभी संबंधित अधिकारियों के मोबाइल नंबर एवं संपर्क विवरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत प्रशासनिक कैंप में मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में तिगरी गंगा मेले की तैयारियों एवं विभिन्न विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले से संबंधित सभी व्यवस्थाएं आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मेले को सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह ने लखनऊ से आए श्रद्धालुओं से वार्ता कर मेले में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा उनके अनुभवों और सुझावों को जाना।
निरीक्षण एवं बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती गरिमा सिंह उप जिलाधिकारी शैलेष दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
“तिगरी गंगा मेले को सुरक्षित एवं सकुशल संपन्न कराना हम सभी की जिम्मेदारी”: मंडलायुक्त संगीता

