डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
गुजरात के अहमदाबाद में 4 से 8 जून 2026 तक आयोजित प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप में जनपद अमरोहा की प्रतिभाशाली बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण पदक अर्जित किए तथा देश और जनपद का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
78 देशों के 500 से अधिक प्रतिभागी
विश्व योगासन द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 78 देशों के 500 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारतीय खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए 102 स्वर्ण पदकों सहित कुल 124 पदक जीतकर वैश्विक मंच पर अपनी श्रेष्ठता स्थापित की।
जनपद अमरोहा स्थित कन्या गुरुकुल महाविद्यालय, चोटीपुरा की छात्राओं आर्यान्शी एवं इंदू ने दो-दो स्वर्ण पदक जीतकर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। आर्यान्शी ने आर्टिस्टिक ग्रुप एवं आर्टिस्टिक पेयर स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक प्राप्त किए, जबकि इंदू ने आर्टिस्टिक ग्रुप एवं रिदमिक पेयर स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी उत्कृष्ट क्षमता का प्रदर्शन किया।
कोच एवं नेशनल जज डॉ. जोगिन्द्र सिंह
इस प्रतियोगिता में वर्ल्ड योगासन के महासचिव डॉ जयदीप आर्य द्वारा प्रत्येक देश की टीम के लिए एक लाइजन एवं डेलिगेशन ऑफिसर नियुक्त किया गया था। जनपद अमरोहा से योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष, नेशनल कोच एवं नेशनल जज डॉ. जोगिन्द्र सिंह को लाइजन एवं डेलिगेशन ऑफिसर के रूप में नियुक्त किया गया। उन्हें नेपाल टीम की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसका उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वहन किया। डॉ. जोगिन्द्र सिंह के अनुसार नेपाल दल में 44 योगासन खिलाड़ी एवं कोच तथा 7 सदस्यीय सपोर्ट स्टाफ सहित कुल 51 सदस्य शामिल थे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान नेपाल टीम के साथ कार्य करना उनके लिए गौरवपूर्ण एवं शिक्षाप्रद अनुभव रहा। एयरपोर्ट पर टीम के स्वागत से लेकर पंजीकरण, खिलाड़ियों की प्रतियोगिता में सहभागिता, ऑनलाइन आसन कोड प्रक्रिया, आवास एवं भोजन व्यवस्था तथा वापसी तक सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी समन्वय किया गया। साथ ही टीम को होने वाली किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया, जिसके लिए नेपाल टीम ने उनकी काफी सराहना की।
डॉ. जोगिन्द्र सिंह ने दोनों छात्राओं को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कन्या गुरुकुल महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुमेधा सहित समस्त गुरुकुल परिवार ने छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
उत्तर प्रदेश योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव रोहित कौशिक ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि प्रदेश के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा भविष्य में भी वे देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करती रहेंगी।
पीएम मोदी का संबोधन
चैंपयनशिप का उद्घाटन विश्व योगासन के अध्यक्ष स्वामी रामदेव, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया तथा विश्व योगासन के महासचिव डॉ. जयदीप आर्य सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की।
दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि की सूचना मिलते ही पूरे जनपद अमरोहा में हर्ष का वातावरण व्याप्त हो गया। विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक एवं खेल संगठनों के प्रतिनिधियों ने फोन एवं संदेशों के माध्यम से खिलाड़ियों को शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित की।
डॉ जोगिन्द्र सिंह के द्वारा पदक विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि उनके द्वारा अंतरराष्ट्रीय मंच पर अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को पदक पहन कर सम्मानित करना एक गौरव की बात है।
इस अवसर पर एशियन योगासन के महासचिव उमंग डॉन ने डॉ जोगिन्द्र सिंह को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

