Friday, October 23, 2026
Home > प्रदेश > यूपी > अमरोहा > अमरोहा में 93.88 प्रतिशत मतदान/शिक्षक विधायक चुनाव/5814 में से 5458 वोट डाले

अमरोहा में 93.88 प्रतिशत मतदान/शिक्षक विधायक चुनाव/5814 में से 5458 वोट डाले

डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)

बरेली-मुरादाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जनपद अमरोहा में शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. नितिन गौड़ तथा पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव दिनभर भ्रमणशील रहकर मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। दोनों अधिकारियों ने जनपद के सभी सात मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनपद में शिक्षक निर्वाचन के लिए कुल 5,814 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 3,488 पुरुष एवं 2,326 महिला मतदाता शामिल थे। मतदान के दौरान कुल 5,458 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें 3,329 पुरुष एवं 2,129 महिला मतदाता शामिल रहे। इस प्रकार जनपद में कुल 93.88 प्रतिशत मतदान हुआ।
17 प्रत्याशी मैदान में डटेे
निर्वाचन में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों एवं समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर सहित कुल 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। मतदान के लिए जनपद में सात मतदान केंद्र निर्धारित किए गए थे, जिनमें क्षेत्र पंचायत कार्यालय अमरोहा, नगर पंचायत कार्यालय नौगावां सादात, क्षेत्र पंचायत कार्यालय जोया, क्षेत्र पंचायत कार्यालय हसनपुर, क्षेत्र पंचायत कार्यालय गंगेश्वरी, क्षेत्र पंचायत कार्यालय धनौरा तथा क्षेत्र पंचायत कार्यालय गजरौला शामिल रहे।
मतदान निर्धारित समयानुसार प्रातः 8 बजे प्रारंभ हुआ। सायं 4 बजे तक मतदान केंद्रों के अंदर पहुंचने वाले मतदाताओं को भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर दिया गया। ऐसे मतदाताओं के मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान संपन्न हुआ।
डीएम व एसपी करते रहे भ्रमण
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने मतदान केंद्रों का भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं एवं मतदान कार्मिकों की तैनाती का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करने के लिए कहा।

पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

Print Friendly, PDF & Email
Dr. Deepak Agarwal
Dr. Deepak Agarwal is the founder of SunShineNews. He is also an experienced Journalist and Asst. Professor of mass communication and journalism at the Jagdish Saran Hindu (P.G) College Amroha Uttar Pradesh. He had worked 15 years in Amur Ujala, 8 years in Hindustan,3years in Chingari and Bijnor Times. For news, advertisement and any query contact us on deepakamrohi@gmail.com
https://www.sunshinenews.in