Sunday, October 25, 2026
Home > प्रदेश > यूपी > अमरोहा > गजरौला में 26 को जुटेंगे संस्कृति, साहित्य और कला से जुड़े विद्वान: डॉ. यतीन्द्र कटारिया

गजरौला में 26 को जुटेंगे संस्कृति, साहित्य और कला से जुड़े विद्वान: डॉ. यतीन्द्र कटारिया

डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)

गजरौला के होटल पैराडाइज में होगा संस्कार भारती का प्रांतीय अधिवेशन, 14 जनपदों के कार्यकर्ता करेंगे प्रतिभाग।
14 जनपदों के प्रतिभागी शिरकत करेंगे
कला, संस्कृति और साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती के मेरठ प्रांत का प्रांतीय अधिवेशन 26 अक्टूबर, सोमवार को गजरौला स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के होटल पैराडाइज के सभागार में आयोजित किया जाएगा। जनपद अमरोहा में पहली बार आयोजित हो रहे इस प्रांतीय अधिवेशन में मेरठ प्रांत के अंतर्गत आने वाले 14 जनपदों के संस्कार भारती के कार्यकर्ता, पदाधिकारी तथा कला, साहित्य और संस्कृति से जुड़े विद्वान प्रतिभाग करेंगे। अधिवेशन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श
संस्कार भारती के प्रांत प्रचार प्रमुख एवं कार्यक्रम व्यवस्था प्रमुख डॉ. यतीन्द्र कटारिया विद्यालंकार ने बताया कि यह अधिवेशन भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों, परंपराओं और कलात्मक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अधिवेशन में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ ही आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया जाएगा। विभिन्न सत्रों में कला, संस्कृति, साहित्य और लोक परंपराओं से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
भारतीय संस्कृति राष्ट्रीय जीवन की आधारशिला

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति केवल हमारी प्राचीन विरासत ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय जीवन की आधारशिला भी है। संस्कार भारती देश की लोक कलाओं, पारंपरिक शिल्पों, साहित्यिक अभिव्यक्तियों और सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षण प्रदान करने के साथ-साथ कलाकारों एवं साहित्यकारों को उचित मंच उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है। वर्तमान समय में भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना विशेष रूप से आवश्यक है। ऐसे आयोजनों से सांस्कृतिक चेतना का विस्तार होता है तथा कार्यकर्ताओं को समाज में भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने की प्रेरणा मिलती है।
स्वागताध्यक्ष कुंवरपाल खड़कवंशीः तैयारी पूरी

स्वागताध्यक्ष कुंवरपाल खड़कवंशी ने बताया कि अधिवेशन में मेरठ प्रांत के 14 जनपदों से कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी सम्मिलित होंगे। सभी अतिथियों के स्वागत और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। जनपद अमरोहा में पहली बार इस स्तर पर आयोजित हो रहे कार्यक्रम को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है।
उन्होंने कहा कि संस्कार भारती का उद्देश्य विभिन्न कला विधाओं, लोक संस्कृति, साहित्य और पारंपरिक शिल्पों से जुड़े लोगों को एक साझा मंच प्रदान करना है, ताकि भारतीय सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण हो और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा सके।
25 अक्टूबर को प्रबंधकारिणी बैठक, 26 अक्टूबर को साधारण सभा
अधिवेशन के अंतर्गत रविवार, 25 अक्टूबर को संस्कार भारती मेरठ प्रांत की प्रांतीय प्रबंधकारिणी बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें संगठनात्मक गतिविधियों, दायित्वों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श होगा। इसके बाद सोमवार, 26 अक्टूबर को प्रांतीय साधारण सभा का आयोजन किया जाएगा।
डॉ. कटारिया ने बताया कि 26 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे उद्घाटन सत्र प्रारंभ होगा। दिनभर आयोजित होने वाले विभिन्न सत्रों में संगठन की कार्ययोजना, भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों, साहित्यिक गतिविधियों, लोक संस्कृति और कला के संरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। सायं 5 बजे समापन सत्र प्रस्तावित है। समापन सत्र में संस्कार भारती के क्षेत्र संगठन मंत्री विजय जी का सानिध्य प्राप्त होगा।
भारतीय सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने पर रहेगा जोर
प्रांतीय अधिवेशन में संगठन के विस्तार, सांस्कृतिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों को भारतीय कला और साहित्य से जोड़ने के विषयों पर भी चर्चा होगी। लोक संस्कृति एवं पारंपरिक शिल्पों को प्रोत्साहन देने, स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर रहेगा।
डॉ यतीन्द्र कटारिया के अनुसार, यह अधिवेशन मेरठ प्रांत के विभिन्न जनपदों में सक्रिय संस्कार भारती के कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति देने का अवसर बनेगा। गजरौला में होने वाला यह आयोजन जनपद अमरोहा के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रांतीय स्तर पर पहचान और विस्तार मिलने की उम्मीद है।

Print Friendly, PDF & Email
Dr. Deepak Agarwal
Dr. Deepak Agarwal is the founder of SunShineNews. He is also an experienced Journalist and Asst. Professor of mass communication and journalism at the Jagdish Saran Hindu (P.G) College Amroha Uttar Pradesh. He had worked 15 years in Amur Ujala, 8 years in Hindustan,3years in Chingari and Bijnor Times. For news, advertisement and any query contact us on deepakamrohi@gmail.com
https://www.sunshinenews.in