Home > प्रदेश > यूपी > अमरोहा > उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी का योग संस्कृति के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल

उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी का योग संस्कृति के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल

डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)

उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती रजनी तिवारी के अमरोहा आगमन पर शिक्षा जगत में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण देखने को मिला। जनपद के शिक्षाविदों, महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
जनपद में उच्च शिक्षा के विकास पर विमर्श
इस अवसर पर शिक्षक विधायक डॉ. हरि सिंह ढिल्लों, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी मुरादाबाद प्रो. रीना वालिया, जे.एस. हिन्दू पी.जी. कॉलेज अमरोहा के प्राचार्य प्रो. वीर वीरेंद्र सिंह, राजकीय रमाबाई पी.जी. कॉलेज अमरोहा के प्राचार्य प्रो. मोहम्मद गोरी, डी.एम. डिग्री कॉलेज कांठ के प्राचार्य प्रो. सोमपाल सिंह, डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह, श्री राज किशोर शुक्ला सहित अनेक शिक्षाविदों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा जनपद में उच्च शिक्षा के विकास से संबंधित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।

अपने अमरोहा प्रवास के दौरान राज्य मंत्री ने उच्च शिक्षा विभाग की योजनाओं, महाविद्यालयों की प्रगति, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन, शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र हितों एवं संस्थागत विकास से संबंधित विषयों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण, सामाजिक परिवर्तन, नवाचार, अनुसंधान और मानव संसाधन विकास की आधारशिला है।
वृक्षारोपण को जनांदोलन का स्वरूप

उन्होंने सभी महाविद्यालयों को वृक्षारोपण को जनांदोलन का स्वरूप देने, विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने तथा प्रत्येक परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया
उन्होंने उपस्थित प्राचार्यों एवं शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे नीति के उद्देश्यों एवं प्रावधानों को पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ लागू करें। उन्होंने शैक्षणिक सत्रों के नियमित एवं समयबद्ध संचालन पर विशेष बल दिया। विद्यार्थियों की घटती उपस्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता केवल पाठ्यक्रम पूर्ण करने से सुनिश्चित नहीं होती, बल्कि विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता एवं नियमित उपस्थिति भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन पर भी विशेष बल दिया।
इस अवसर पर शिक्षक विधायक डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों को गुणवत्ता, अनुशासन, नवाचार एवं उत्कृष्टता के आदर्श मानकों को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। बैठक के दौरान विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यों एवं अधिकारियों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा उच्च शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उपस्थित सभी शिक्षाविदों ने माननीय राज्य मंत्री द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को प्रेरणादायी बताते हुए इसे शिक्षा क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम का समापन उच्च शिक्षा के उन्नयन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सफल क्रियान्वयन, पर्यावरण संरक्षण, योग संस्कृति के प्रसार तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। राज्य मंत्री का यह दौरा जनपद अमरोहा के उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए नई ऊर्जा, प्रेरणा और सकारात्मक दिशा प्रदान करने वाला सिद्ध हुआ।

Print Friendly, PDF & Email
Dr. Deepak Agarwal
Dr. Deepak Agarwal is the founder of SunShineNews. He is also an experienced Journalist and Asst. Professor of mass communication and journalism at the Jagdish Saran Hindu (P.G) College Amroha Uttar Pradesh. He had worked 15 years in Amur Ujala, 8 years in Hindustan,3years in Chingari and Bijnor Times. For news, advertisement and any query contact us on deepakamrohi@gmail.com
https://www.sunshinenews.in