डॉ. दीपक अग्रवाल
बिजनौर/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
नूरपुर चांदपुर क्षेत्र के ग्राम फीना निवासी हेमन्त कुमार को मध्य प्रदेश के इंदौर में देवी अहित्याबाई होलकर साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं शिक्षक सम्मान दिया गया। साहित्य शिक्षा और संस्कृति संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान उन्हें दिया गया। हेमन्त कुमार की ग्यारह पुस्तक प्रकाशित हो चुकी हैं तथा कई लेखनाधीन हैं। उन्होंने स्थानीय इतिहास, भवन निर्माण एवं नियोजन तकनीक, सामान्य विज्ञान पर लेखन करते हुए महत्वपूर्ण सामाजिक और साहित्यिक योगदान किया है। हेमन्त कुमार का लिखा साहित्य खोजपूर्ण तथा जनोपयोगी है।
साहित्यिक संस्था नवउदय का आयोजन
ग्वालियर की साहित्यिक संस्था नवउदय ने इंदौर के राजकीय एम जी एम मेडिकल कॉलेज के सभागार में रविवार को इस कार्यक्रम का आयोजन किया था । होशंगाबाद नरसिंहपुर लोकसभा से सांसद दर्शन सिंह चौधरी मुख्य अतिथि रहे । कार्यक्रम में अनेक राज्यों के साहित्यकार, कवि और संस्कृतिकर्मी पहुंचे। चयनित साहित्यकारों को सम्मानित करने के अलावा कई पुस्तकों का लोकार्पण तथा काव्य पाठ भी हुआ। हेमन्त कुमार ने मोबाइल के बढ़ते प्रयोग और दुष्प्रभाव पर अपनी रचना पढ़ी और सभा को संबोधित किया।
45 गुमनाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की खोज
जनोपयोगी तकनीकी लेखन के लिए हेमन्त कुमार को उत्तर प्रदेश सरकार के हिंदी संस्थान से संपूर्णानंद नामित पुरस्कार और पचहत्तर हजार की धनराशि का पुरस्कार मिल चुका है। हेमन्त कुमार पैंतालीस गुमनाम तथा अल्पज्ञात स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की खोज कर चुके हैं। खोज संकलन एवं लेखन के लिए इनका नाम चार बार इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुका है। हेमन्त कुमार सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग उतर प्रदेश लखनऊ में सहायक अभियंता हैं इन्होंने साहित्य की विभिन्न विधाओं में योगदान के अलावा खोज नवाचार शोध विज्ञान लेखन आविष्कार और हरियाली विस्तार के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य किया है । इस उपलब्धि और निरंतर आगे बढ़ने के लिए ब्रजेन्द्र संखवार संजय कुमार प्रदीप श्रीवास्तव अखिलेश चौहान नरेश वत्स हेमेन्द्र चौहान आदि ने बधाई दी ।
बिजनौर के हेमन्त कुमार को इंदौर में मिला देवी अहिल्याबाई होलकर साहित्य सम्मान

