डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
शिक्षक दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार अमरोहा में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें 9 माध्यमिक और 13 बेसिक शिक्षा के सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
सर्वप्रथम प्रेक्षा गृह गोरखपुर में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शिक्षकों के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण देखा गया। उसके पश्चात अपर जिलाधिकारी धीरेन्द्र कुमार, अंबरीश सिंह परियोजना निदेशक, शतानंद शर्मा जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ मोनिका सिंह जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन एवं डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
बच्चों की प्रति समर्पित रहना चाहिए
शिक्षक सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा शिक्षक को अपनी मान मर्यादा रखते हुए बच्चों की प्रति समर्पित रहना चाहिए और पूर्ण निष्ठा से अध्यापन कार्य करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास का प्रयास करना चाहिए। शतानन्द शर्मा जिला विद्यालय निरीक्षक ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक पर न केवल बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी है बल्कि बच्चों को चरित्रवान संस्कारवान एवं विवेक और व्यक्तित्व को विकसित करना भी उत्तरदायित्व है। शिक्षक को पूर्ण संकल्प और निष्ठा के साथ विद्यार्थियों के संपूर्ण विकास में अपना योगदान देना चाहिए।
शिक्षकों का आचरण सीखते बच्चे
परियोजना निदेशक अमरीश कुमार ने कहा कि शिक्षक समाज का दर्पण है शिक्षक जैसा आचरण व्यवहार करते है बच्चे भी वैसा ही सीखते है। शिक्षक का पद एवं स्थान गौरवमयी है। समाज उसी का अनुपालन करता है। इसलिए शिक्षक को अपनी गरिमा एवं मर्यादा को देखते हुए अपने आचार विचार उच्च रखने चाहिए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वागींण विकास में शिक्षक की महती भूमिका है। जिसके लिए शिक्षक को पूर्ण समर्पण और निष्ठा की आवश्यकता है । शिक्षक सम्मान समारोह में माध्यमिक शिक्षा के नौ सेवानिवृत प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों को अंग वस्त्र भेंट कर एवं फूलमाला पहना कर सम्मानित किया गया। बेसिक शिक्षा के 13 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार डॉ. धर्म सिंह पवन कुमार त्यागी मनोज कुमार डीसी सत्यवीर सिंह उपस्थित रहे। इसी प्रकार के शिक्षक सम्मान समारोह के आयोजन विकासखंड स्तर पर भी किए गए जहां शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मदनपाल सिंह जिला समन्वयक समग्र शिक्षा माध्यमिक ने किया।
9 माध्यमिक और 13 बेसिक शिक्षा के सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान

