डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा /उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
माध्यमिक शिक्षा विभाग, उत्तर प्रदेश की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने 23 अगस्त को जनपद भ्रमण के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बुढ़नपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए छात्राओं से संवाद किया तथा उनकी दिनचर्या, पढ़ाई और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली।
लक्ष्य बार-बार नहीं बदलना चाहिए
उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्रा को अभी से अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसके अनुरूप निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य बार-बार नहीं बदलना चाहिए। यदि मन में यह दृढ़ संकल्प हो कि मुझे डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक या किसी अन्य क्षेत्र में जाना है और उसके लिए निरंतर प्रयास किया जाए, तो सफलता प्राप्त करने से कोई नहीं रोक सकता।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के माध्यम से बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। प्रदेश सरकार द्वारा छात्राओं की शिक्षा, भोजन, पुस्तकें, कपड़े, आवास एवं सुरक्षा जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि बेटियां बिना किसी चिंता के अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं
राज्यमंत्री ने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का सदुपयोग करते हुए छात्राएं अपने लक्ष्य को प्राप्त करें और अपने परिवार, जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, छात्राओं के खान-पान, दिनचर्या एवं शिक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि छात्राओं के चेहरे पर आत्मविश्वास और प्रसन्नता विद्यालय में बेहतर वातावरण एवं व्यवस्थाओं को दर्शाती है।
छात्राओं को सम्मानित किया
इस दौरान राज्यमंत्री ने परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को ट्रॉफी एवं शिक्षण सामग्री देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यालय की वार्डन, प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
निरीक्षण के दौरान जिलाध्यक्ष भाजपा उदयगिरी गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र, अध्यक्ष नगर पालिका धनौरा प्रवीण अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष भाजपा हिमांशु त्यागी, जिला विद्यालय निरीक्षक शतानंद शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. मोनिका, डीसी मनोज कुमार, डीसी मदन पाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।

