डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
जनपद के मंडी धनौरा नगर निवासी वरिष्ठ साहित्यकार, अंतरराष्ट्रीय हिंदी सेवी एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक डॉ. यतीन्द्र कटारिया विद्यालंकार की नवीन कृति “रग रग में राम” का रविवार सायं मुंबई में भव्य विमोचन किया गया। यह गरिमामयी कार्यक्रम नरीमन प्वाइंट स्थित ऐतिहासिक एस. बी. चाव्हाण ऑडिटोरियम में महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
पुस्तक का विमोचन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भरतनाट्यम नृत्यांगना एवं संगीत नाटक अकादमी की अध्यक्षा संध्या पोरछा, फिल्म निर्माता-निर्देशक एवं अभिनेता अजीत डोभालकर तथा धर्मशास्त्र रिसर्च फाउंडेशन की निदेशक व प्रख्यात लेखिका डॉ. वैदेही तामण द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
साहित्य समाज के सरोकारों के संवर्धन का प्रवाह
इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. यतीन्द्र कटारिया ने कहा कि साहित्य समाज के सरोकारों और संस्कृति के संवर्धन का सतत प्रवाह है। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध गायिका उषा मंगेशकर एवं ख्यात गायक हरिहरन ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। वहीं फिल्म अभिनेत्री पूजा बेदी ने भारतीय साहित्य में स्वास्थ्य एवं जीवनशैली की महत्ता पर प्रकाश डाला।
समाज और संस्कृति को नई दिशा प्रदान करती
डॉ. वैदेही तामण ने डॉ. कटारिया की साहित्यिक यात्रा को सराहनीय बताते हुए कहा कि उनकी रचनाएं समाज और संस्कृति को नई दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने हाल ही में हस्तिनापुर में उनकी पुस्तक “हस्तिनापुर कल, आज और कल” के विमोचन का भी उल्लेख किया, जिसमें प्राचीन वैभव से लेकर वर्तमान और भविष्य तक का समग्र चित्रण किया गया है। मुरादाबाद के सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र कुमार टंडन ने कहा कि डॉ यतींद्र कटारिया की उपलब्धि गौरवपूर्ण है जो अमरोहा के धनौरा से साहित्यिक वह हिंदी सेवा का पूरे देश में और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शंखनाद कर रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने कहा कि साहित्य और संस्कृति समाज के कल्याण का सेतु हैं तथा मानव चेतना के महत्वपूर्ण आधार हैं।
हिंदी के संवर्धन तथा अनुपालन पर जोर
इस अवसर पर आयोजित न्यूज मेकर्स अचीवर्स अवार्ड समारोह में देशभर से कला, साहित्य, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र की दिग्गज विभूतियों को सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि डॉ. यतीन्द्र कटारिया विद्यालंकार इस आयोजन की चयन समिति के सदस्य एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने मंच साझा करते हुए अपने विचार भी व्यक्त किए। डॉ यतींद्र कटारिया ने कहा कि उनकी पुस्तक भारत की विभाजन विभीषिका और सरदार पटेल तथा श्री राम सर्वस्व प्रकाशनाधीन है।
इससे पूर्व मुंबई के आयकर भवन तथा एनटीपीसी वी रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन कॉरपोरेशन आफ इंडिया के मुख्यालय में आयोजित राजभाषा संवाद समारोह को डॉ यतींद्र कटारिया ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए हिंदी के संवर्धन तथा अनुपालन पर जोर दिया।
मुंबई में डॉ. यतीन्द्र कटारिया की कृति ‘रग रग में राम’ का भव्य विमोचन

