डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
स्कूल चलो अभियान के तहत अमरोहा जिले में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बीईओ सोनू कुमार ने ग्राम पंचायत नसीर नगला स्थित एक ईंट भट्ठे पर पहुंचकर वहां कार्यरत मजदूरों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल की। उन्होंने मौके पर ही 12 बच्चों का नामांकन कराया और अभिभावकों को बच्चों को नियमित स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।
बीईओ सोनू कुमार ने बताया कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसके लिए विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान दिया जा रहा है, जहां बच्चे मजदूरी या अन्य कारणों से स्कूल नहीं जा पाते। नामांकित किए गए सभी बच्चे अब कंपोजिट विद्यालय नसीर नगला में पढ़ाई करेंगे।
इस दौरान शिक्षा विभाग की टीम भी मौजूद रही, जिन्होंने अभिभावकों को शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और बच्चों को नियमित स्कूल भेजने का भरोसा दिलाया।
बीईओ सोनू कुमार ने ईंट भट्टे पर जाकर 12 बच्चों का नामांकन कराया

