डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. मोनिका ने अनियमितताओं पर दो प्रभारी हेडमास्टरों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई खंड शिक्षा अधिकारियों की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई।
पहले मामले में विकास खंड अमरोहा के कंपोजिट विद्यालय सौंडला फरीदपुर में तैनात प्रभारी हेडमास्टर आशाराम पर मिड डे मील व नामांकन में लापरवाही पर बीईओ अमरोहा की रिपोर्ट पर निलंबित किया गया है।
दूसरे मामले में विकास खंड हसनपुर के संविलियन विद्यालय सहेलिया में तैनात प्रभारी हेडमास्टर शिक्षक सुनील कुमार पर विद्यालय प्रबंधन समिति के खाते से नियम विरुद्ध धनराशि निकालने और उपयोग में अनियमितता बरतने के आरोप लगे। जांच में प्रथम दृष्टया वित्तीय गड़बड़ी की पुष्टि होने पर विभाग ने उन्हें भी निलंबित कर दिया। उनकी शिकायत ग्राम प्रधान ने की थी। यह कार्रवाई बीईओ हसनपुर की रिपोर्ट पर की गई है।
बीएसए ने बताया कि दोनों मामलों की विस्तृत जांच जारी है तथा दोष सिद्ध होने पर आगे की विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था में अनियमितता और भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अनियमितताओं पर दो प्रभारी हेडमास्टर निलंबित

