डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
धनौरा क्षेत्र के संविलियन विद्यालय मलेशिया में आज 13 अप्रैल 2026 को वार्षिकोत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद उपस्थित रहे।
रंगारंग प्रस्तुति का आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की इंचार्ज अध्यापिका श्रीमती रानी शशि दिवाकर के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों में देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाट्य रूपांतरण विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
मुख्य अतिथि प्रकाश चंद ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यालय परिवार के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, अनुशासन का पालन करने तथा पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने शिक्षकों से भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
मेधावी छात्र/छात्राएं सम्मानित
इस अवसर पर कक्षा 1 से 8 तक के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इसके अतिरिक्त कक्षा 8 उत्तीर्ण कर विद्यालय से विदा लेने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित करते हुए उन्हें उपहार भी दिए गए, जिससे वातावरण भावुक हो उठा।
समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। वार्षिकोत्सव कार्यक्रम ने विद्यालय में उत्साह, उमंग और प्रेरणा का नया संचार किया।
संविलियन विद्यालय मलेशिया में वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न

