डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
विधायक राजीव तरारा ने कहा कि गजरौला ब्लॉक हमेशा ही बाकी ब्लॉकों से अग्रणी रहा है और इस बार निपुण विद्यालय में गजरौला ने जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त किया है जिसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार विद्यालयों में कायाकल्प से लेकर अन्य बहुत सारी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। आज स्कूलों की दशा बिल्कुल बदल गई है।
गोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला
23 मार्च को बेसिक शिक्षा विभाग के द्वारा विकास क्षेत्र गजरौला के प्रधानाध्यापक, ग्राम प्रधान तथा स्थानीय प्राधिकारी के सदस्यों की एक गोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन गजरौला स्थित एक बैंकट हॉल में किया गया। कार्यक्रम में भाजपा विधायक राजीव तरारा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम खंड शिक्षा अधिकारी आरती गुप्ता के निर्देशन में संपन्न हुआ। संचालन एआरपी आदेश कुमार ने किया। इस अवसर पर ब्लॉक क्षेत्र के समस्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, ग्राम प्रधान तथा स्थानीय प्राधिकारी के सदस्य उपस्थित रहे।
शिक्षिकाओं द्वारा टीएलएम मेले का आयोजन
बैठक में शासन की विभिन्न योजनाओं कायाकल्प, निपुण भारत मिशन आदि के संबंध में चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय गजरौला के बच्चों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में शिक्षिकाओं द्वारा टीएलएम मेले का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक राजीव तरारा ने सभी स्टॉल का अवलोकन किया और सभी की सराहना की। प्राथमिक विद्यालय खानपुर के बच्चों ने सभी के समक्ष अपनी प्रस्तुति दी जिसकी सभी ने बहुत ही सराहना की। मुख्य अतिथि विधायक राजीव तरारा ने गजरौला ब्लॉक का जनपद में निपुण विद्यालय आकलन में प्रथम स्थान आने पर सभी शिक्षकों, एआरपी तथा खंड शिक्षा अधिकारी की सराहना की।
सभी की मेहनत से गजरौला ब्लॉक निपुण
इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी आरती गुप्ता ने भी सभी अध्यापकों की सराहना करते हुए कहा कि सभी की मेहनत से गजरौला ब्लॉक निपुण विद्यालय में प्रथम स्थान पर आया है। इसके साथ ही उन्होंने सभी प्रधानाध्यापक और ग्राम प्रधानों से अपील की कि सभी लोग अपने घरों पर पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत सौर पैनल लगवाए। यह बहुत ही लाभकारी योजना है तथा अन्य लोगों को भी प्रेरित करें।
प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजीव तरारा द्वारा ब्लॉक के समस्त शिक्षक संकुल तथा अच्छा कार्य करने वाले अध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष सत्यपाल सिंह पाल, रणवीर सिंह, डॉ. जोगिन्द्र सिंह, डॉ. जितेंद्र सागर, जयवीर सिंह, डॉ. नरेन्द्र सिंह, विपिन पंघाल, अजय सिद्धू, निशा सिंह, मिथलेश कुमारी, एआरपी आदेश कुमार, दीपक तोमर, अरविंद पंघाल, नफीस अहमद, बेबी गीता, पूजा, रेखा रानी, उमेश सिद्धू, कमल शर्मा आदि उपस्थित रहे।
विधायक राजीव तरारा ने निपुण विद्यालयों में गजरौला के अग्रणी रहने पर सराहना की

