डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
हिंदी सेवा के लिए उल्लेखनीय योगदान की उपलब्धि पर जनपद के राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक डॉ. यतींद्र कटारिया को राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में न्यूज़पेपर एसोसिएशन आफ़ इंडिया द्वारा प्रतिष्ठित 33वें एनएआई अचीवर्स अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
एनडीएमसी सभागार में आयोजित भव्य समारोह
तीन दशक से राजभाषा हिंदी के संवर्धन लिए देश विदेश में उल्लेखनीय योगदान दे रहे जनपद के धनौरा विकास खंड में कार्यरत राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक डॉ. यतींद्र कुमार कटारिया के नाम राष्ट्रीय पुरस्कार की उपलब्धि में न्यूज़ पेपर्स एसोसिएशन आफ़ इंडिया द्वारा राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के कनाट प्लेस स्थित एनडीएमसी सभागार में आयोजित भव्य समारोह में प्रतिष्ठित एनएआई अचीवर्स अवार्ड से सम्मानित किया गया।
एनएआई के अध्यक्ष डॉ. विकास गौड़ ने डॉ. यतींद्र कटारिया की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ यतींद्र कटारिया एक प्रसिद्ध हिंदी सेवक और शिक्षाविद हैं। उन्हें उनकी हिंदी सेवा के लिए कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है, जिनमें राज्य अध्यापक पुरस्कार और विश्व हिंदी सेवा सम्मान शामिल हैं। वह अमरोहा, उत्तर प्रदेश से हैं और उन्होंने पूर्वाेत्तर भारत व दक्षिण भारत सहित कई देशों भी में हिंदी के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है ।
इस अवसर पर देश के कई मीडिया घरानों के प्रतिनिधि वरिष्ठ पत्रकार सांसद विधायक एवं मूर्धन्य हिन्दी विद्वान उपस्थित रहे।
राज्यपाल करेंगे डॉ. यतींद्र की पुस्तक का विमोचन
वहीं दूसरी ओर डॉ यतींद्र कटारिया की साहित्य लेखन यात्रा में उनकी नयी पुस्तक विचार वीथिका का 11 दिसंबर को भारतीय भाषा दिवस के अवसर पर बिहार के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद खान पटना स्थित राजभवन में विमोचन करेंगे ।
डॉ यतींद्र कटारिया की उपलब्धि पर साथी शिक्षकों मित्रों व परिजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दी हैं ।
डॉ यतींद्र कटारिया हिंदी सेवा के लिए एनएआई अचीवर्स अवॉर्ड से सम्मानित

