डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
विकास क्षेत्र गंगेश्वरी के अंतर्गत आने वाले परिषदीय विद्यालयों की दशा सुधारने और शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के उद्देश्य से 26 फरवरी को एक भव्य ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हाकमपुर स्थित अवध फार्म हाउस में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का मुख्य एजेंडा ग्राम पंचायतों और विद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक पुत्र एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेन्द्र सिंह खड़गवंशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर संगोष्ठी का शुभारंभ किया। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि एक आदर्श विद्यालय के निर्माण में ग्राम प्रधान और शिक्षकों का आपसी तालमेल रीढ़ की हड्डी के समान है।
ग्राम प्रधान गांव के विकास के ध्वजवाहक
उन्होंने कहा, ग्राम प्रधान गांव के विकास के ध्वजवाहक हैं, जबकि शिक्षक भविष्य के निर्माता। जब ये दोनों पक्ष एक मंच पर आकर कार्य करेंगे, तभी हमारे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे आधुनिक सुविधाओं और बेहतर शिक्षा का लाभ उठा पाएंगे। उन्होंने प्रधानों को विद्यालयों में चल रहे कायाकल्प कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने और शिक्षकों को एक प्रेरक वातावरण तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कायाकल्प में प्रधानों का सहयोग अपेक्षित
खण्ड शिक्षा अधिकारी गंगेश्वरी अनिल कुमार ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की ऑपरेशन कायाकल्प योजना तभी सफल हो सकती है जब ग्राम प्रधान इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में चहारदीवारी, टाइलीकरण, शुद्ध पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए ग्राम निधि का सदुपयोग शिक्षा के स्तर को सुधारने में क्रांतिकारी कदम साबित हो रहा है।
बेहतर कार्य करने वाले प्रधान हुए सम्मानित
इस अवसर पर उन ग्राम प्रधानों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने ग्राम सभा के विद्यालयों की सूरत बदलने में अनुकरणीय योगदान दिया है। सम्मानित होने वाले प्रधानों में प्रमुख रूप से शामिल रहे
उम्मेद अली (बांसका खुर्द, पतेई खादर)
पिन्टू सिंह (बरतौरा)
हरिराज त्यागी (पतेई खादर)
रतन सिंह (कोकापुर)
जाबिर (मदारीपुर बांसका)
विनोद कुमार (खैलिया खालसा)
विनोद कुमार (बिहारीपुर)
इन जनप्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके द्वारा शिक्षा के प्रति दिखाए गए समर्पण की सराहना की गई।
कार्यक्रम का सफल संचालन पूर्व एआरपी विकास राहुल ने किया।
इस दौरान उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रामवीर सिंह, जिला मंत्री जगवीर सिंह, और प्रधान संघ अध्यक्ष यशपाल सिंह ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में भाजपा नेत्री सरोज गूर्जर, वरिष्ठ शिक्षक महेश ठाकुर, एआरपी संजीव मौर्य, मौहम्मद असलम,कमल दीपेन्द्र,महीपाल सिंह, जयवीर सिंह, हरिओम सिंह, प्रमोद कुमार, बिजेंद्र सिंह,गौतम सिंह,संजय सिंह, महताबउद्दीन, राघवेन्द्र सिंह, करणवीर सिंह, धर्मेंद्र शर्मा,कुलदीप त्यागी,रीना गौड़, पारूल, प्रियंका, मोनिका राहुल सागर, जयपाल सिंह, फैजान हस्मत, नरेश कुमार, यतीश शर्मा, नाजिर अली आदि शिक्षक एवं ग्राम प्रधान गणमान्य उपस्थित रहे।
प्रधानों और शिक्षकों के तालमेल से संवरेगा नौनिहालों का भविष्य: देवेन्द्र खड़गवंशी

