डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
विकासखंड क्षेत्र गंगेश्वरी के पीएम श्री विद्यालय कुटी दौलतपुर में वार्षिक उत्सव कार्यक्रम अत्यंत भव्य, गरिमामयी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नाट्य मंचन एवं आकर्षक नृत्य के माध्यम से ग्रामवासियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। पूरे विद्यालय परिसर में बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक समृद्धि की अनुपम झलक देखने को मिली।
पीएमश्री विद्यालय से सुधर रही शिक्षाः बीईओ अनिल
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी गंगेश्वरी अनिल कुमार रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ब्लॉक क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए विद्यालय परिवार का योगदान सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पीएम श्री विद्यालय योजना के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, संस्कारित एवं गुणवत्ता पूर्ण बनाने का लक्ष्य तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा एवं शिक्षकों के समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
वार्षिक उत्सव के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रमुख प्रस्तुतियां इस प्रकार रहीं कृ“नन्हे कदम दृ विकसित भारत की ओर” (देशभक्ति समूह नृत्य)
“राधा-कृष्ण दिव्य झांकी” (धार्मिक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुति)
“बेटी है सम्मान दृ राष्ट्र की पहचान” (सामाजिक संदेश पर आधारित नाटक)
“भारत की लोक संस्कृति यात्रा” (विभिन्न राज्यों के लोक नृत्य)
“स्वच्छ भारत दृ स्वस्थ समाज” (जनजागरूकता नाट्य मंचन)
“नन्हे सितारों का रंगारंग धमाल” (फ्यूजन एवं फिल्मी समूह नृत्य)
कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं सुसंगठित संचालन गुरमीत कुमार द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति शैली से पूरे कार्यक्रम को ऊर्जावान एवं आकर्षक बनाए रखा।
गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षिक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें जिला अध्यक्ष यशपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष गौरव नागर, ब्लॉक अध्यक्ष रामवीर सिंह,ब्लॉक मंत्री प्रदीप भाटी वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, महिपाल सिंह, असलम एआरपी संजीव मौर्य , राकेश शर्मा, राजवीर सिंह, मोनिका रानी, मोनू त्यागी सहित शिक्षकगण एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक संजय यादव ने सभी अतिथियों, ग्रामवासियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक, नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों से जोड़ने के लिए सतत प्रयासरत है तथा भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

