डॉ दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
कठिन परिश्रम ही सफलता की कुंजी है यदि देश के लिये समर्पित होकर कोई कर्म करना है तो उसके लिये अध्ययन के साथ-साथ समर्पित भावना से कार्य करने की आवश्यकता है।
उक्त विचार जम्मू कश्मीर के सेवानिवृत्त आई0ए0एस0 अधिकारी व राज्यपाल के पूर्व सलाहकार श्री खुर्शीद अहमद गनाई ने व्यक्त किये। विद्यालय संरक्षक श्री अजय टंडन ने कहा कि अमरोहा क्षेत्र मे कई नदियाँ थी जो क्षेत्रवासियों की अपेक्षा के कारण विलुप्त होती चली गई। यदि हम अब भी जागरूक नही हुए तो वो दिन दूर नहीं कि हम एक बूँद जल के लिए भी तरस जायेंगें। हमें नदियों के श्रोत के विषय में पुनः सोचना होगा ताकि विलुप्त हुई नदियों का पुर्नउद्वार हो सके।
जल संरक्षण अस्तित्व के लिए अनिवार्यता
राधा कृष्ण पब्लिक स्कूल के प्रांगण में आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह में बोलते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि यह वार्षिकोत्सव न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि जल संरक्षण के महत्व को हृदय तक पहुँचाने वाला एक प्रेरणादायी आयोजन भी सिद्ध हुआ है। उन्होनें विद्यार्थियों की रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि जल संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के अस्तित्व के लिए अनिवार्यता है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सीख
सांस्कृतिक कार्यक्रम की समस्त प्रस्तुतियों में कार्यक्रम के विषय “बिन पानी सब सून”, जिसमें पानी की कमी से होने वाले संकटों को बहुत ही संवेदनशील ढंग से दर्शाया गया जिसका उद्देश्य दर्शकों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जल संकट, वर्षा जल संचयन, और जल प्रदूषण जैसे बिन्दुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। दर्शकों ने कार्यक्रम की सराहना की। उनकी तालियों की गड़गडाहट से संपूर्ण वातावरण गुुंजायमान हो गया। शैक्षणिक, तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया।
विद्यालय प्रबन्धक श्रीमति अंजली टंडन व अध्यक्षा सुश्री अदिती टंडन ने मुख्य अतिथि को उनके बहुमूल्य समय में से विद्यालय के लिए समय निकालने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। प्रधानाचार्या डा0 शिक्षा सरदाना नेे जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पानी के बिना जीवन असंभव है, इसलिए जल बचाना हमारी साझा जिम्मेदारी है एवं अन्त मे कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए समस्त विद्यालयी परिवार का आभार व्यक्त किया।
राधा कृष्ण पब्लिक स्कूल वार्षिक उत्सवः “बिन पानी सब सून” का भव्य आयोजन

