Home > प्रदेश > यूपी > अमरोहा > डीएम निधि ने 100 प्रतिशत डाटा डिजिटाइजेशन पर बीएलओ पप्पी को किया सम्मानित/मतदाताओं से सहयोग की अपील

डीएम निधि ने 100 प्रतिशत डाटा डिजिटाइजेशन पर बीएलओ पप्पी को किया सम्मानित/मतदाताओं से सहयोग की अपील

डॉ.दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने जनपद में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान(एसआईआर)-2026 के अंतर्गत बीएलओ पप्पी रानी द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) के वितरण, संकलन एवं डिजिटाइजेशन कार्यों को शत प्रतिशत पूर्ण करने पर निर्वाचन कार्यालय में शॉल ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर अपर जिला अधिकारी वित्त एवं राजस्व गरिमा सिंह उपस्थित रहीं।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में सर्वप्रथम 40-विधानसभा क्षेत्र नौगांव सादात के मतदेय स्थल संख्या 260 प्राथमिक विद्यालय यूसुफ़पुर मजरा आलमपुर कैच की बूथ लेवल ऑफिसर पप्पी रानी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने कुल 537 मतदाताओं में से 537 मतदाताओं के गणना पत्र वितरण व संकलित किए बल्कि बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज भी कर दिए। यह उपलब्धि जिले में सर्वाधिक है और विशेष पुनरीक्षण अभियान में उनकी आदर्श कार्यशैली को दर्शाती है।
पप्पी की कार्यशैली अनुकरणीय

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान गणना प्रपत्रों के वितरण, संकलन व डिजीटाइजेशन का कार्य शत प्रतिशत निर्धारित समय से पूर्ण कर निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में उत्साह, लगन, समयबद्धता एवं मतदाता सूची के शुद्धिकरण में उल्लेखनीय प्रयासों का परिचय दिया है, यह अत्यंत सराहनीय है, उन्होंने कहा कि इनकी कार्यशैली सराहनीय रही है जो अन्य बीएलओ के लिए अनुकरणीय है। ऐसे सभी बीएलओ जो ससमय शतप्रतिशत कार्य पूर्ण करेंगे सभी को सम्मानित किया जाएगा।
डीएम की मतदाताओं से सहयोग की अपील

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे बीएलओ, सुपरवाइजर को अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करते हुए गणना पत्र की प्रविष्टियों को सही-सही भरकर,सभी मतदाता विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी करें। लगातार बीएलओ द्वारा मतदाता सूची से संबंधित गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) का वितरण-संकलन का कार्य किया जा रहा है, बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर यह गणना फॉर्म मतदाताओं को दे रहे हैं तथा गणना प्रपत्र का संकलन कर रहे हैं। प्रत्येक मतदाता से अनुरोध है कि वे गणना फॉर्म की प्रविष्टियों को ध्यानपूर्वक भरें, उस पर अपने हस्ताक्षर करें और बीएलओ को तत्काल वापस दे दें। यदि मतदाता घर पर नहीं हैं, तो परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य सभी मतदाता सदस्यों की जानकारी भरकर हस्ताक्षर सहित फॉर्म बीएलओ को दे सकता है।जिन मतदाताओं के हस्ताक्षरित फॉर्म बीएलओ को प्राप्त हो जाएंगे, उनके नाम आगामी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में सम्मिलित किए जाएंगे, जिसका प्रकाशन 9 दिसंबर 2025 को होगा। आखिरी दिन का इन्तजार न करें, ताकि किसी का नाम सूची से छूटे नहीं।

Print Friendly, PDF & Email
Dr. Deepak Agarwal
Dr. Deepak Agarwal is the founder of SunShineNews. He is also an experienced Journalist and Asst. Professor of mass communication and journalism at the Jagdish Saran Hindu (P.G) College Amroha Uttar Pradesh. He had worked 15 years in Amur Ujala, 8 years in Hindustan,3years in Chingari and Bijnor Times. For news, advertisement and any query contact us on deepakamrohi@gmail.com
https://www.sunshinenews.in