डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म (अगली पीढ़ी के लिए जीएसटी सुधार) सोमवार से लागू हो गए। प्रदेश जीएसटी रिफॉर्म जागरूकता अभियान के तहत जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने खुद व्यापारियों और ग्राहकों के बीच जनसंपर्क करके जानकारी ली। उन्होंने नगर पालिका से लेकर कोट चौराहा तक कारोबारी प्रतिष्ठानों में जाकर कारोबारियों और वहां मिले ग्राहकों से बात की, जीएसटी सुधारों पर उनकी प्रतिक्रिया जानी। उन्होंने कारोबारियों से आग्रह किया सरकार से उपहार स्वरूप घटी जीएसटी का लाभ ग्राहकों को अवश्य दें।
डीएम ने किया जीएसटी की घटी दरांे पर संवाद
मंगलवार को जीएसटी रिफॉर्म जागरूकता अभियान के तहत डीएम ने नगर पालिका कार्यालय से कोट चौराहे तक पदयात्रा की। उन्होंने मार्ग पर स्थित कई दुकानों में जाकर व्यापारियों और ग्राहकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जीएसटी की घटी दरों को लेकर उनसे संवाद किया। उन्हें व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से कहा कि जीएसटी की घटी दरों का लाभ ग्राहकों को जरूर दीजिए। इससे आपका कारोबार और समृद्ध होगा।
राहत से बाजार मजबूत होगा
इस दौरान डीएम सबसे पहले वी मार्ट स्टोर पहुंची। उन्होंने वहां मौजूद स्टाफ से कपड़े और कुछ सामानों के बारे पूछा कि जीएसटी में कितनी कमी आई है। यह बताए जाने पर कि 12 प्रतिशत घटकर 5 प्रतिशत हो गया है, डीएम ने कहा कि इससे आपका बाजार और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को कम हुई जीएसटी का फायदा जरूर दीजिए। उपस्थित स्टाफ ने बताया कि जीएसटी कमी का लाभ दिया जाना शुरू कर दिया गया है। इस दौरान उन्होंने ग्राहकों को दी जाने वाली बिल रसीद पर भी घटी हुई दर की जांच की।
ग्राहकों को भी जागरूक करें
इसके बाद जिलाधिकारी पैदल चलकर नितेश सुपर स्टोर पर पहुंची। यहां उन्होंने दुकान स्वामी नितेश से जीएसटी की कम हुई दरों पर संवाद किया। इसके बाद वह चतुर्वेदी बेकरी पर पहुंची और कंफेक्शनरी पर घटी जीएसटी के बारे में जानकारी ली। संचालक विजय चतुर्वेदी और अजय चतुर्वेदी ने बताया कि कम हुई कीमतों का लाभ उन्होंने ग्राहकों को देना शुरू कर दिया है। व्यापारियों और ग्राहकों से संपर्क और संवाद के क्रम में डीएम ने दुकानदारों से कहा कि जीएसटी दरों में कमी को लेकर ग्राहकों को आप लोग खुद भी जागरूक करिए। इससे ग्राहक को फायदा होगा ही, आपका भी बाजार समृद्ध होगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री अश्वनी कुमार मिश्र, उपायुक्त राज्यकर श्री राजेश मौर्य सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
………

