डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
कलेक्ट्रेट सभागार अमरोहा में शिक्षक दिवस के अवसर पर जनपद स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले 30 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर लखनऊ से आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उद्बोधन एवं शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी सभी उपस्थितजनों ने देखा।
विधायक महेंद्र सिंह खडकवंशी मुख्य अतिथि
जनपद स्तरीय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप मे हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़कवंशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स, मुख्य विकास अधिकारी अश्विनी कुमार मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. मोनिका, सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं शिक्षा विभाग के अधिकारीगण शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान बेसिक शिक्षा विभाग के 30 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इन शिक्षकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए और उनके अभिनव कार्यों की सराहना की गई।
टीचर्स समाज को दिशा भी प्रदान करते
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि हसनपुर विधायक ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि समाज को दिशा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को नैतिकता, अनुशासन और नवाचार के मार्ग पर अग्रसर करें। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से शिक्षा व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन संभव है। उन्होंने जनपद अमरोहा के बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा किए जा रहे नित नए कार्यों की सराहना की एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा किए जा रहे नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी।
डिजिटल युग की चुनौतियों को अवसर में बदल रहे
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा शिक्षा विभाग के शिक्षक भी डिजिटल युग की चुनौतियों को अवसर में बदल रहे हैं। सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र ने भी शिक्षकों के महत्व पर रोशनी डाली। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. मोनिका ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक लगातार नवाचार कर रहे हैं और यही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की नींव है। कार्यक्रम का संचालन मृणालिनी एवं सईद रजा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिला समन्वयक मनोज कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्ट्रेट सभागार अमरोहा में बेसिक शिक्षा के 30 टीचर्स का सम्मान

