डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
12 अगस्त 2025 को जे.एस. हिन्दू (पी.जी.) कॉलेज, अमरोहा में हिन्दी विभाग एवं हिन्दी साहित्य भारती, अमरोहा के संयुक्त तत्वाधान में ‘गोस्वामी तुलसीदास जी के साहित्यिक अवदान’ के संबंध में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर वीर वीरेंद्र सिंह ने गोस्वामी तुलसीदास की लोकप्रिय रचना रामचरितमानस की विशेषताओं पर प्रकाश डाला और हिंदी के विद्यार्थियों को उनकी साहित्यिक कलाओं से परिचित होने हेतु आवाहन किया।
तुलसीदास का अद्वितीय काव्यकौशल अभिनंदनीय
प्रोफेसर बीना रूस्तगी ने कहा कि हिन्दी विभाग और हिंदी साहित्य भारती, अमरोहा इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से हिंदी के प्रचार-प्रसार का कार्य करते रहते है। इसी क्रम में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। गोस्वामी तुलसीदास के अद्वितीय काव्यकौशल के कारण ही आज रामचरितमानस विश्व की सबसे लोकप्रिय पुस्तकों में से एक है। उनका साहित्य आज भी विभिन्न दृष्टियों से व्यापक शोध की गुंजाइश रखता है, जिसके माध्यम से समाज तुलसीदास जी के साहित्य से और अधिक अमूल्य रत्न प्राप्त कर सकता है।
इस अवसर पर डॉ. अरविन्द कुमार और हर्ष अमरोहवी ने काव्यपाठ किया। प्रो. अनिल रायपुरिया, रणदेव सिंह, डॉ. बबलू सिंह, डॉ. सविता राणा आदि ने भी विचार व्यक्त किये। डॉ. विशेष कुमार राय, डॉ.मोहम्मद जावेद, डॉ.राजीव कुमार, डॉ. पीयूष कुमार शर्मा आदि प्राध्यापक व विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
रामचरितमानस विश्व की सबसे लोकप्रिय पुस्तकों में से एक

