डॉ. दीपक अग्रवाल
बिजनौर/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
जिला बिजनौर में नूरपुर क्षेत्र के गाँव फीना निवासी इंजीनियर हेमन्त कुमार को बुंदेलखंड के जनपद चित्रकूट में रविवार की शाम चित्रकूट इतिहास सेवा सम्मान दिया गया । पूर्व सांसद बाँदा चित्रकूट भैरों प्रसाद मिश्रा पायनियर्स क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष और समाजसेवी केशव शिवहरे ने उपस्थित गणमान्य के साथ यह सम्मान भेंट किया।
हेमन्त कुमार को यह सम्मान महान क्रांतिकारी और चंद्रशेखर आजाद के विश्वस्त साथी विश्वनाथ वैशम्पायन
के कर्वी चित्रकूट मूल का होने संबधित बड़ी खोज तथा इनका शिलापट्ट स्थापित कराने की सफल योजना बनाने के लिए दिया गया। आज पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा केशव शिवहरे इंजीनियर गुरू प्रसाद इंजीनियर हेमन्त कुमार तथा विवेक श्रीवास्तव तथा कमेलश कुमार ने इस शिलापट्ट का लोकार्पण किया।
हेमन्त कुमार ने इस खोज में महत्वपूर्ण सहयोग के लिए कर्वी निवासी समाजसेवी अधिवक्ता प्रदीप श्रीवास्तव संतोष तैलंग और शिलापट्ट स्थापित कराने के लिए मिर्जापुर निवासी समाजसेवी इंजीनियर गुरुप्रसाद का आभार ज्ञापित किया।
विश्वनाथ वैशम्पायन, चंद्रशेखर के विश्वस्त साथी
हेमन्त कुमार ने बताया कि विश्वनाथ वैशम्पायन, चंद्रशेखर आजाद के विश्वस्त साथी और प्रथम पंक्ति के महान क्रान्तिकारी थे। आपने भगत सिंह को जेल से छुड़ाने के अभियान में भी हिस्सा लिया। आप अंतिम समय तक चंद्रशेखर आजाद के विश्वस्त साथी बने रहे। आजाद के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रथम पुस्तक भी विश्वनाथ जी ने लिखी।
पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा ने कहा कि इतने महान क्रान्तिकारी होने के बाद भी कर्वी तथा चित्रकूटवासियों को यह बात नहीं पता थी कि विश्वनाथ वैशम्पायन कर्वी मूल के हैं। इस दृष्टि से श्री हेमन्त कुमार की यह खोज जनपद और क्षेत्रवासियों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
चित्रकूट के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जुड़ा
केशव शिवहरे विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस शिलापट्ट से चित्रकूट के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया हैं। इस कार्य से जनपद का इतिहास विषयक गौरव भी बढ़ा है।
विवेक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि श्री हेमन्त कुमार सांस्कृतिक दूत का दायित्व भी निभा रहे हैं जिसमें विभिन्न जनपदों के लोगों का परिचय और सहयोग बढ़ रहा है।
चित्रकूट स्पोर्ट्स क्लब के संयोजक तथा विशिष्ट अतिथि कमलेश कुमार ने कहा कि जनपद से जुड़ी यह खोज और शिलापट्ट की स्थापना स्थानीय इतिहास का महत्वपूर्ण पड़ाव सिद्ध होगी।
कार्यक्रम का आयोजन चित्रकूट स्पोर्ट्स क्लब ने तथा संचालन गीत श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर उपरोक्त गणमान्य के अलावा मानिकपुर से मनीष गुप्ता कर्वी से देवेश जैन राजीव गर्ग डॉव रमाकांत गुप्ता माताबदल समाजसेवी राजेश सोनी इंजीनियर सबरजीत इंजीनियर जयप्रकाश कुशल गर्ग पतराखन भी मौके पर मौजूद रहे।

