डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी अमरोहा निधि गुप्ता वत्स एवं मुख्य विकास अधिकारी अमरोहा अश्वनी कुमार मिश्र से मिला एवं एक सितंबर 2025 को देशभर में 5 लाख से अधिक विद्यालयों में ‘‘हमारा विद्यालय- हमारा स्वाभिमान‘‘ संकल्प कार्यक्रम आयोजित करने की विस्तार से चर्चा की एवं इस राष्ट्रव्यापी अभियान के संकल्प-पत्र का विमोचन किया गया।
एक सितंबर से अभियान का शुभारंभ
जिला संयोजक डॉ0 नरेन्द्र सिंह ने बताया कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने ‘‘हमारा विद्यालय- हमारा स्वाभिमान‘‘ राष्ट्र व्यापी अभियान की शुरुआत की है जिसमें 1 सितंबर 2025 को देश के 5 लाख से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सहभागिता होगी। करोड़ों विद्यार्थी और लाखों शिक्षक इस संकल्प कार्यक्रम में शामिल होकर विद्यालयों की प्रार्थना सभा में ‘‘हमारा विद्यालय- हमारा स्वाभिमान‘‘ का साझा संकल्प लेंगे। इस अभियान का उद्देश्य शिक्षा को केवल ज्ञान तक सीमित न रखकर चरित्र निर्माण और समाज सेवाओं का माध्यम बनाना है। विद्यार्थी और शिक्षक मिलकर विद्यालय को स्वच्छ ,अनुशासित और हरित बनाने का संकल्प लेंगे । विद्यालय की संपदा और संसाधनों को राष्ट्र धन मानकर उसका विवेक पूर्ण उपयोग और संरक्षण इस अभियान का मूल मंत्र है। इस अभियान के तहत विद्यालयों में भेदभाव मुक्त माहौल बनाया जाएगा सभी समान भाव से सीखने और सिखाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
जिलाध्यक्ष माध्यमिक संवर्ग सुदेश कुमार एवं महामंत्री डॉ0 हरकेश सिंह एवं जिलाध्यक्ष प्राथमिक संवर्ग देवराज सिंह एवं महामंत्री विकास कुमार बंगा, सतेंद्र सिंह (संस्थापक सदस्य), ध्यान सिंह उपस्थित रहे।
डीएम निधि और सीडीओ अश्वनी ने किया ‘‘हमारा विद्यालय-हमारा स्वाभिमान‘‘ संकल्प-पत्र का विमोचन

