डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
अमरोहा की सशक्त, प्रतिभाशाली और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी महिलाओं को एक नई पहचान देने और उन्हें संगठित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से स्पार्कल लेडीज़ क्लब का भव्य शुभारंभ समारोह स्थानीय सभागार में गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ।
दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन व ईश वंदना के साथ हुई। इस मौके पर सभी सदस्यों की उपस्थिति में आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्साह का वातावरण बना रहा। क्लब की स्थापना का उद्देश्य समाज सेवा, महिलाओं के सशक्तिकरण, सांस्कृतिक गतिविधियों और सहयोग भावना को प्रोत्साहित करना है।
नवगठित कार्यकारिणी का स्वागत और शपथग्रहण-
इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष तूलिका आर्या का योगेश मालीवाल व अदिति माहेश्वरी ने पारंपरिक रूप से फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया एवं उन्हें औपचारिक रूप से क्लब की कमान सौंपी गई। उन्होंने मंच से अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें-रूचि गुरदित्ता को सचिव, रेशु माहेश्वरी को कोषाध्यक्ष, ज्योति माहेश्वरी को संपादक, आकांक्षी जैन को सांस्कृतिक सचिव नियुक्त किया गया।
इसके अतिरिक्त, शालिनी माहेश्वरी, योगेश मालीवाल, अदिति माहेश्वरी, पूजा गोयल, गुंजन माहेश्वरी तथा कविता अरोड़ा को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में नामित किया गया। क्लब ने 38 सदस्यों के साथ नये क्लब की स्थापना की। नई टीम का स्वागत तालियों की गड़गड़ाहट और उत्साह के साथ किया गया।
सामाजिक सेवा से की शुरुआत-
अपने पहले ही कार्यक्रम में क्लब ने समाज सेवा की भावना का परिचय देते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की। क्लब की प्रथम सभा के दौरान 40 जरूरतमंद महिलाओं को 5 लीटर के प्रेशर कुकर वितरित किए गए, जिससे उन्हें घरेलू कार्यों में सहायता मिलेगी, जिसे पाकर महिलाएं अत्यंत प्रसन्न हुईं और उन्होंने क्लब के प्रति आभार प्रकट किया। इस पहल ने क्लब के उद्देश्य और समाज के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन ज्योति माहेश्वरी एवं अदिति माहेश्वरी ने संयुक्त रूप से अत्यंत कुशलता व आत्मीयता से किया।
क्लब की नव निर्वाचित अध्यक्ष तूलिका आर्या ने अपने प्रथम संबोधन में कहा, स्पार्कल लेडीज़ क्लब महिलाओं की रचनात्मकता, क्षमता और सामाजिक दायित्व को सशक्त मंच देगा। यह क्लब समाज सेवा, सांस्कृतिक गतिविधियों और महिला सशक्तीकरण की दिशा में सदैव अग्रसर रहेगा।
समारोह का समापन सचिव रूचि गुरदित्ता द्वारा सभी सदस्यों के प्रति आभार ज्ञापन के साथ हुआ। अंत में राष्ट्रगान के सामूहिक
गायन से कार्यक्रम को गरिमापूर्ण विराम दिया गया।
इस मौके पर युक्ति मदान, मोनिका रस्तोगी, रुनझुन अग्रवाल, प्रियंका रस्तोगी, नैना गुप्ता, रितु अग्रवाल, रुचिता गुप्ता, राशि चांदना, शुचि माहेश्वरी, सोनिया गेरा, शिवानी माहेश्वरी, शिंकी होरा, सोनम गोयल, अदिति गुप्ता आदि सदस्य उपस्थित रहे।

