डॉ.दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
25 जुलाई 2025 को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद के प्रथम शैक्षणिक सत्र 2025-26 के शुभारंभ के अवसर पर कुलपति प्रोफेसर सचिन माहेश्वरी ने विश्वविद्यालय के नवप्रवेशित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आत्मा होते हैं, आज इन्हें पाकर हम अपार हर्षित हैं।
विश्वविद्यालय कुलगीत का संगीतबद्ध गायन
यह कार्यक्रम जे.एस. हिन्दू (पी.जी.) कॉलेज, अमरोहा में आयोजित किया गया, अन्य सभी महाविद्यालयों में इसका सजीव प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को दिखाया गया। इस मौके पर जे.एस. हिंदू (पी.जी.) कॉलेज, अमरोहा के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय कुलगीत का संगीतबद्ध गायन किया। विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ की प्रभारी प्रोफेसर चारू मेहरोत्रा ने कुलपति का परिचय भाषण प्रस्तुत किया।
बहुमुखी शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान
कुलपति ने विश्वविद्यालय के लक्ष्य और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बहुमुखी शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के क्षेत्र में विश्वस्तर पर मान्यता प्राप्त उत्कृष्टता केन्द्र बनने के लिए विश्वविद्यालय प्रतिबद्ध है। इसका उद्देश्य छात्रों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी शिक्षा प्रदान करना और शिक्षार्थियों के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित करना है। विश्वविद्यालय का कोई विस्तृत इतिहास नहीं है, हमें आशा है ये विद्यार्थीगण स्वर्णिम इतिहास बनने के साथ-साथ शानदार भविष्य का पथ प्रशस्त करेंगे। 26 जुलाई 2025 से नियमित कक्षाएं प्रारम्भ होंगी। विद्यार्थीगण केवल डिग्री के लिए ही नहीं अपितु नया सीखने, ज्ञान परम्परा को अक्षुण्ण बनाये रखने के पूर्ण मनोयोग से पढ़ेंगे। प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री के संकल्प के अनुरूप विकसित भारत बनाने हेतु सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के साथ आगे बढेंगे।
बहुमुखी व्यक्तित्व विकास
उन्हांेने कहा कि गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के विद्यार्थीगण औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ गम्भीर ज्ञान, संस्कार एवं आचार भी ग्रहणकर उसे आत्मसात् करेंगे, जिनसे पूरा समाज नयी दिशा लेगा। शिक्षक नवाचार एवं शोधदृष्टि से वैश्विक जरूरतों के अनुसार बहुमुखी व्यक्तित्व विकास कर श्रेष्ठ नागरिक तैयार करते हुए विश्वविद्यालय और राष्ट्र में अपना बहुमूल्य योगदान देंगे। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, उन्नत एवं विश्वस्तरीय शोध का केन्द्र बनाने को हम सभी शिक्षक-छात्र मिलकर निष्ठा एवं दायित्वबोधपूर्वक योगदान देने का संकल्प लें। उन्होंने विश्वविद्यालय के विभिन्न कार्यों में सहयोग करने वाले महाविद्यालयों एवं आचार्यों की नामोल्लेख सहित सराहना की तथा सकारात्मक प्रतिस्पर्धा के साथ आगे कार्य करने को प्रेरित भी किया।
प्राचार्य प्रोफेसर वीर वीरेन्द्र ने आभार व्यक्त किया
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर वीर वीरेन्द्र सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया और मिलकर विश्वविद्यालय के लिए कार्य करने का संकल्प दुहराया। इस मौके पर कुलसचिव गिरीश कुमार द्विवेदी भी मौजूद रहे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कुलपति प्रोफेसर सचिनः विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आत्मा

