डॉ. दीपक अग्रवाल
अमरोहा/उत्तर प्रदेश (सनशाइन न्यूज)
दिवंगत शिक्षिका स्व0 ऋचा मलिक के बच्चों को टीचर सेल्फ केयर टीम ने 49 लाख की मदद दी है। शिक्षिका का निधन पिछले साल अक्टूबर में हो गया था,जबकि उनके पति का निधन चार साल पहले हो गया था।
टीचर्स सेल्फ केयर टीम अमरोहा के जिला संयोजक सौरभ सक्सेना ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय ढ़किया चमन ब्लॉक जोया में कार्यरत शिक्षिका स्व0 ऋचा मलिक का निधन पिछले साल पीलिया बिगड़ने के कारण हो गया था। वह टीचर्स सेल्फ केयर टीम की नियमित सदस्य थीं। वह सदस्य के रूप में प्रदेश के दिवंगत साथियों का सहयोग कर रही थीं। उनके दो पुत्र हैं,जिसमें से एक पुत्र कक्षा 11 में अध्ययनरत है।
उन्होंने बताया कि टीचर्स सेल्फ केयर टीम में पूरे प्रदेश से 4 लाख से अधिक शिक्षक और कर्मचारी जुड़े हैं। जो किसी भी सदस्य के असामयिक निधन पर उसके नॉमिनी के खाते में अपने फोन से सीधे 15.5 रुपए प्रति परिवार भेजते है, जिससे प्रति परिवार 49 लाख रुपए तक की सहायता राशि प्राप्त हो जाती है। विगत सहयोग में 20 दिवंगत साथियों के परिवारों को प्रदेश से 9 करोड़ 72 लाख से अधिक की सहायता राशि दी गई है। इस प्रकार विगत 5 साल से कम समय में 356 दिवंगत साथियों के परिवारों को अब तक 148 करोड़ 9 लाख की मदद दी जा चुकी है।
जिला सह संयोजक बीनू कुमार ने बताया कि अमरोहा से अभी तक तीन साथियों के परिवारों को मदद दी जा चुकी है और अगले माह जे एस हिन्दू इंटर कॉलेज अमरोहा के प्रवक्ता स्व. राजवीर यादव का सहयोग होने की संभावना है।
टीचर्स सेल्फ केयर टीम ने दिवंगत शिक्षिका ऋचा के बच्चों को 49 लाख रुपए की मदद की

